सपने बड़े हों और उन्हें पूरा करने का जुनून हो, तो अभाव भी रास्ता नहीं रोक पाते। ऐसी ही कहानी है शहडोल जिले के सोहागपुर की रहने वाली 21 वर्षीय धाविका शिखा यादव की। सीमित संसाधनों और मूलभूत सुविधाओं की चुनौतियों के बीच शिखा ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से एथलेटिक्स की दुनिया में अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है। शिखा महज 19 मिनट 12 सेकंड में 5 किलोमीटर और 40 मिनट 8 सेकंड में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर लेती हैं। इन उपलब्धियों से उनकी तेज रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चार पदक जीत चुकी शिखा अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाना चाहती हैं। उनका सपना देश की महान धाविका पीटी उषा की तरह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करना है। शिखा की दिनचर्या किसी सामान्य खिलाड़ी जैसी नहीं, बल्कि लक्ष्य के प्रति समर्पित एथलीट की है। मौसम गर्मी, बारिश या कड़ाके की ठंड का हो, उनका अभ्यास कभी नहीं रुकता। सूर्योदय से पहले ही शिखा अपने छोटे बैग के साथ गांधी स्टेडियम पहुंच जाती हैं।
समाचार
सोहागपुर की धाविका शिखा यादव राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने को तैयार
26 नवंबर 2026 को 11:22 pm बजे
