सुबह 6 बजे किचन में लगी आग, मकान में 10 सिलेंडर रखे थे
शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में संत फार्म के पास गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक मकान की किचन में रखे एलपीजी गैस सिलेंडर में अचानक आग भड़क गई। घटना के समय मकान में ग्रामीण अंचल से आकर पढ़ाई करने वाले करीब 40 बच्चे किराए से रह रहे थे। मकान में अलग-अलग खाना बनाने के लिए करीब 10 गैस सिलेंडर और भी रखे हुए थे। गनीमत रही कि आग की चपेट में आए सिलेंडर में ब्लास्ट नहीं हुआ। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार संत फार्म के पास स्थित दो मंजिला मकान में करीब 40 छात्र किराए से रहते हैं। सभी छात्र ग्रामीण क्षेत्रों से कोलारस में रहकर पढ़ाई करते हैं। बताया गया है कि छात्र अलग-अलग अपना खाना बनाते हैं, जिसके चलते मकान में कई गैस सिलेंडर रखे हुए थे। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे मकान की किचन में रखे एक सिलेंडर में अचानक आग लग गई।

