दुर्घटना में कार और ट्रक दोनों को हुआ भारी नुकसान, एक व्यक्ति घायल
सीहोर जिले में भोपाल-इंदौर मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कुबरेश्वर धाम के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सामने चल रही कार से टकरा गया। इस जोरदार टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे बने एक गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में कार और ट्रक दोनों को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं एक व्यक्ति घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए, जिससे मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि ट्रक सड़क पर पलटता, तो जनहानि इससे कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी।
