भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हैंडओवर और महिला हॉकी एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा की गई
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को भोपाल के टीटी नगर स्थित संचालनालय में अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हैंडओवर और महिला हॉकी एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल परिसर के हैंडओवर की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। सारंग ने स्पष्ट किया कि हस्तांतरण से पहले निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और आवश्यक सुविधाओं का समुचित सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसर में खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होना आवश्यक है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, लंबित कार्यों को पूरा करने और परिसर के सुचारु संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में निर्माण कार्यों की स्थिति, तकनीकी सत्यापन, मूलभूत सुविधाओं, उपकरणों की खरीदी और परिसर के संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सचिव संजीव सिंह, अपर सचिव अजय श्रीवास्तव, संचालक चंचल शेखर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री सारंग ने खेल परिसर के निर्माण कार्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने तथा उसकी रिपोर्ट के आधार पर कमियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
