नर्मदापुरम् संभाग कमिश्नर श्रीकांत बनोठ की अध्यक्षता में रबी फसलों की सिंचाई के लिए संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक बुधवार को कलेक्टर कार्यालय नर्मदापुरम् में आयोजित हुई। बनोठ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक में डीआईजी वीरेंद्र सिंह, कलेक्टर नर्मदापुरम् आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम् साई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, संयुक्त आयुक्त (विकास) नवल मीना, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता राजाराम मीना और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, कलेक्टर कुमार सत्यम, कलेक्टर बैतूल सौरभ संजय सोनवणे और अन्य संबंधित अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन जुड़े थे। रबी फसलों की सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की तारीखों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में यह तय किया गया कि हरदा जिले हेतु बायीं तट मुख्य नहर से 21 अक्टूबर 2026 को जल प्रवाह शुरू किया जाएगा। इसी तरह, तवा नहर संभाग सिवनी मालवा की नहर के लिए 27 अक्टूबर 2026 से, तवा परियोजना संभाग इटारसी के लिए 1 नवंबर 2026 से और पीबीसी संभाग सोहागपुर नहर से 05 नवंबर 2026 से जल प्रवाह शुरू किया जाएगा। कमिश्नर बनोठ ने निर्धारित तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराई जाए और विभाग अपने स्तर पर किसान संगठनों से समन्वय कर उन्हें तिथियों से अवगत कराए। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता राजाराम मीना ने बैठक में बताया कि तवा जलाशय में वर्तमान जल संग्रहण 1700 एमसीएम है, जो उपलब्ध भराव का 87 प्रतिशत है। उन्होंने यह भी सूचित किया कि नहरों की साफ-सफाई का कार्य निरंतर जारी है। कमिश्नर बनोठ ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों से पानी छोड़ने के लिए बेहतर प्रबंधन और सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पानी छोड़ने वाले स्थानों से लेकर टेल क्षेत्र तक कुछ मुख्य बिंदुओं पर नहर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने नहरों की लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही, विद्युत विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा कि नहर से पानी लेने के लिए किसानों द्वारा लिए जाने वाले अस्थायी कनेक्शन, जल संसाधन विभाग की सहमति के बाद ही जारी किए जाएं। बनोठ ने स्थानीय स्तर पर सभी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नहरों के सुचारू और पर्याप्त जल प्रवाह के लिए उपयुक्त प्रबंधन और बारीकी से निगरानी करने को कहा।
समाचार
सिंचाई हेतु तवा नहर से पानी छोड़ने की तारीखें निर्धारित
22 अक्टूबर 2026 को 11:08 pm बजे

सिंचाई हेतु तवा नहर से पानी छोड़ने की तारीखें निर्धारित
साझा करेंWhatsApp
