देवास-भोपाल हाईवे पर बुधवार रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव सड़क पर पड़ा मिला। सूचना पर डायल-112 की टीम ने यातायात रोका। इसी बीच, मक्के से भरी ट्रॉली ले जा रहे एक ट्रैक्टर को चालक ने रोक दिया, तभी पीछे से तेज गति में आ रहे दूध टैंकर ने ट्राली को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए और मक्के की फसल सड़क पर बिखर गई। जाम के कारण डायल-112 की गाड़ी भी फंसी रही। घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में जितेंद्र पुत्र कैलाश, अनमोल पुत्र राजेंद्र और राजेंद्र पुत्र सिद्धूलाल निवासी डिगरखेड़ा जिला सीहोर घायल हुए हैं। मक्के की फसल गिरने से एक बुजुर्ग और बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। किसान परिवार मक्का देवास मंडी में बेचने ले जा रहा था। हाईवे पर जाम लगने के बाद पुलिस ने वाहनों को बाबा रामदेव चौराहे से पुराने बायपास की ओर डायवर्ट किया। इसी दौरान बस स्टैंड के पास एक वाहन की टक्कर से डीपी के तार टूट गए, जिससे पुराने मार्ग पर भी वाहनों की कतार लग गई। विविध विभागों के कर्मचारियों ने सीढ़ी और बल्ली की मदद से तार ऊंचे कराकर यातायात बहाल किया।
समाचार
देवास हाईवे पर शव देख रुका ट्रैक्टर, टैंकर ने मारी टक्कर, चार घायल
15 अक्टूबर 2026 को 11:22 pm बजे
