कलेक्टर ने रबी सीजन के लिए उर्वरक-बीज उपलब्धता की समीक्षा की, कालाबाजारी पर नजर रखने के निर्देश दिए
रबी सीजन में किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर बालागुरू के. ने कृषि, सहकारिता, मत्स्य एवं उद्यानिकी विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने किसानों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने तथा खेती को लाभकारी बनाने के लिए सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। जिला स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक के अधिकारियों को किसानों के निरंतर संपर्क में रहने और उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए। विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय- सीमा में पूरा करने की हिदायत दी गई है। कलेक्टर बालागुरू के. ने रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में उर्वरक की उपलब्धता, वितरण एवं आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। उर्वरक की कालाबाजारी, अनियमित वितरण और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए। मैदानी अमले को नियमित रूप से उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण करने और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो और वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे, इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि किसानों को खाद के लिए किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए। समय पर खाद मिलने से रबी की फसल अच्छी होगी और किसानों की आय भी बढ़ेगी। समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने मैदानी स्तर पर उपलब्ध जानकारी की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कृषि विभाग के उप संचालक से फील्ड की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। अपेक्षित जानकारी उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और आवश्यक निर्देश दिए।
