कार्यक्रम में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, कल्याण और अनुभवों को साझा करने पर जोर दिया गया
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्य प्रदेश ने 22 अक्टूबर को भोपाल में एक राज्य स्तरीय साथिया समागम का आयोजन किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने में ‘साथिया’ की भूमिका को मजबूत करना, उनके अनुभवों और नवाचारों को साझा करना, तथा प्रदेश में कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना ने की, जबकि भारत सरकार की उप आयुक्त डॉ. जोया रिजवी वर्चुअल माध्यम से विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के संयुक्त संचालक डॉ. शरद तिवारी और यूएनएफपीए के राज्य प्रमुख डॉ. दीपेश गुप्ता के साथ-साथ विभिन्न विभागों और विकास सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस समागम के दौरान, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम मध्य प्रदेश के तहत ‘सक्षम साथिया सशक्त समुदाय’ पहल (स्-4 नवाचार) पर विशेष प्रकाश डाला गया। इसमें इस पहल की अवधारणा, प्रमुख उद्देश्यों, अब तक की प्रगति और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। ‘सक्षम साथिया सशक्त समुदाय’ पहल से संबंधित एक वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे भारत सरकार के अधिकारियों ने सराहा। इस समागम में सराहनीय कार्य करने वाले जिलों और मैदानी कार्यकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
