मध्य प्रदेश पुलिस ने विगत दो दिनों में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए धार, रतलाम, खरगोन और सीधी जिलों से 2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के गांजे के 2,083 हरे पौधे और 22 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। अवैध खेती, उत्पादन, भंडारण, विक्रय और तस्करी के विरुद्ध यह कार्रवाई निरंतर जारी है। धार जिले में टाण्डा, डही और धामनोद थानों की पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना टाण्डा पुलिस ने ग्राम पुरा में कपास के खेत से गांजे के 855 पौधे जब्त किए, जिनका वजन 900.77 किलोग्राम था और अनुमानित कीमत 90 लाख 7 हजार 700 रुपये बताई गई है। वहीं, थाना डही पुलिस ने ग्राम बोडगांव में खेत से 206 पौधे जब्त किए, जिनका वजन 406.74 किलोग्राम और कीमत 61 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई। इसी प्रकार, थाना धामनोद पुलिस ने ग्राम कच्छवानिया के गिनावापुर में तुअर के खेत से गांजे के 60 पौधे जब्त किए, जिनका वजन 49.267 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये थी। इन तीनों मामलों में कुल 1,121 हरे पौधे जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 1,356.777 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1 करोड़ 55 लाख 68 हजार 700 रुपये बताई गई है। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। रतलाम जिले में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम गुंजा में गांजे के 880 हरे पौधे जब्त किए। इन पौधों का वजन 280.65 किलोग्राम था और इनकी अनुमानित कीमत 28 लाख 6 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। खरगोन जिले में भी पुलिस को अवैध गांजा खेती के खिलाफ सफलता मिली है। थाना भीकनगांव पुलिस ने ग्राम बैडछा में कपास और मिर्ची की फसल के बीच गांजे की अवैध खेती का पता लगाया। पुलिस ने मौके से 82 हरे पौधे जब्त किए, जिनका वजन 204.88 किलोग्राम था और अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीधी जिले में भी ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के तहत पुलिस ने ग्राम विजयपुर में दबिश दी।
समाचार
मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की बड़ी सफलता
20 अक्टूबर 2026 को 10:29 pm बजे

मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की बड़ी सफलता
