पुलिस ने शव कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू की, जांच जारी है
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भरौला में खेत में प्रवाहित बिजली के करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय रामफल यादव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोग घटनास्थल पर जुट गए। मृतक की पहचान रामफल पिता चमरू यादव, निवासी ग्राम भरौला के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 50 वर्ष बताई गई है। हादसे में एक गाय सहित कई पालतू मवेशियों की भी करंट से मौत होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि खेत में फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए बाड़ियों के आसपास बिजली का करंट प्रवाहित करने वाले तार फैलाए गए थे। यही खतरनाक इंतजाम हादसे का कारण बना। खेत की सुरक्षा के लिए किया गया यह उपाय इतना घातक साबित हुआ कि इसकी चपेट में आते ही रामफल यादव की जान चली गई। मवेशियों के भी करंट की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान जंगली सूअर और अन्य वन्यजीवों से फसल बचाने के लिए कई तरह के उपाय करते हैं।

