पलामू जिले के तरही थाना क्षेत्र के बेदानी खुर्द गांव में बुधवार रात एक 40 वर्षीय राजमिस्त्री तूलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तूलेश्वर अपने घर में खाना खा रहे थे, तभी दो अपराधियों ने उन्हें आवाज देकर बाहर बुलाया और घर के पास महुआ के पेड़ के निकट गोली मार दी। गोली लगने के बाद तूलेश्वर के चिल्लाने पर परिजन बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल तूलेश्वर को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने हत्या के पीछे शादी से जुड़े विवाद को मुख्य वजह बताया है। मृतक के भतीजे चितरंजन कुमार के अनुसार, तूलेश्वर की पहली शादी करीब 20 साल पहले हुई थी, जिससे उनके दो बेटे हैं। पांच साल पहले पहली पत्नी से विवाद के बाद तूलेश्वर गांव लौट आए थे, जबकि पत्नी बच्चों के साथ पंजाब में ही रहती थी। लगभग छह महीने पहले तूलेश्वर ने पांकी थाना क्षेत्र की एक महिला से दूसरी शादी कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर पहली पत्नी गांव आई थी और उसने तूलेश्वर को जान से मारने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं, पहली पत्नी ने दूसरी शादी को लेकर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। परिजनों ने इसी आधार पर पहली पत्नी पर हत्या करवाने का शक जताया है। घटना की सूचना मिलते ही तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए।
समाचार
दूसरी शादी से नाराज पहली पत्नी का हाथ होने की आशंका: राजमिस्त्री की गोली मारकर हत्या, जांच जारी
22 अक्टूबर 2026 को 11:08 pm बजे
