व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए कैट दमोह में नई नियुक्तियां, संगठन सक्रिय
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की दमोह जिला इकाई में संगठनात्मक नियुक्तियां की गई हैं। संगठन के पदाधिकारियों की सहमति से राकेश अग्रवाल को जिला प्रभारी, प्रमोद बजाज को जिला अध्यक्ष तथा पदम इटोरिया को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इन महत्वपूर्ण नियुक्तियों में कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल, मध्य प्रदेश प्रभारी संजय पटवारी, मध्य प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, प्रदेश महामंत्री योगी खंडेलवाल, संभाग प्रभारी जितेंद्र पचौरी, तथा संभाग अध्यक्ष निकेश गुप्ता एवं गोविंददास असाटी की सहमति शामिल रही। यह निर्णय संगठन के विस्तार और व्यापारियों के हितों की मजबूती दिशा में एक अहम कदम है। जिला महामंत्री जुगल अग्रवाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कैट अपने सिद्धांतों के अनुरूप व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना और व्यापारिक समुदाय को मजबूत बनाना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कैट सक्रिय रूप से कार्य करेगा और नई नियुक्तियां इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि संगठन की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी से ही व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा संभव है। नवनियुक्त पदाधिकारी शीघ्र ही जिले की कार्यकारिणी का गठन एवं मनोनयन करेंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान करना है।
