दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम लरगुवा में बुधवार रात सात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने महिला सरपंच प्रेमरानी अहिरवार और उनके पति नोनेलाल अहिरवार को बंधक बनाकर जमकर मारपीट की। इस दौरान उन्होंने घर से करीब एक लाख रुपये नकद और 20 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। घटना के बाद आरोपी बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पीड़ितों ने बताया कि रात करीब 12 बजे सात अज्ञात नकाबपोश आरोपी उनके घर में घुस आए। उन्होंने पति-पत्नी का मुंह दबाकर उन्हें बंधक बना लिया और घर में रखे एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवर लूट लिए। लूटे गए सामान में चांदी का डोरा, लच्छा, पायल, पांचाली और मंगलसूत्र शामिल हैं। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के बाद बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। सरपंच प्रेमरानी अहिरवार ने बताया कि अंधेरा होने के कारण वह आरोपियों का चेहरा या हुलिया ठीक से नहीं देख पाईं। हालांकि, उन्होंने यह जरूर बताया कि आरोपियों ने उनका गला दबाया और गले पर कोई धारदार चीज रखकर थप्पड़ मारे। जब बदमाश चले गए, तब उनके चिल्लाने पर पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। पड़ोसियों की मदद से तत्काल 'डायल 112' को सूचित किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ितों से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का मुआयना किया। हालांकि, रात के अंधेरे और बदमाशों के चेहरे ढके होने के कारण पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मुश्किल आ रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी छानबीन की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। गुरुवार दोपहर सरपंच प्रेमरानी अहिरवार अपने पति नोनेलाल अहिरवार और कुछ ग्रामीणों के साथ बनवार चौकी पहुंचीं। वहां उन्होंने लूट की घटना के संबंध में विस्तृत शिकायत दर्ज कराई। नोनेलाल अहिरवार ने आशंका जताई है कि इस वारदात में कोई परिचित भी शामिल हो सकता है, क्योंकि बदमाशों को घर की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि पुलिस को लूट की घटना की जानकारी मिली है। रात से पुलिस एक महिला की हत्या के आरोपियों का सुराग तलाशने में जुटी थी। अब लूट के मामले में भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
समाचार
दमोह: सरपंच के घर डकैती, दंपती को बंधक बनाया
15 अक्टूबर 2026 को 11:22 pm बजे

दमोह: सरपंच के घर डकैती, दंपती को बंधक बनाया
