सरकार अनुकम्पा नियुक्ति के 300 बचे मामलों का निपटारा इसी वर्ष करने वाली है
आनंद में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग के 954 कर्मचारियों को अनुकम्पा नियुक्ति पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बचे 300 मामलों का निपटारा भी इसी वर्ष किया जाएगा। प्रतीक स्वरूप 11 कर्मचारियों को पत्र दिए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकारी सेवा के दौरान कर्मचारी की असमय मृत्यु परिवार को आर्थिक संकट में डाल देती है। ऐसे परिवारों को सरकारी सेवा से जोड़ना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अनुकम्पा नियुक्ति को दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों के लिए आशीर्वाद बताया। सचिव संजय गोयल ने विभागीय उपलब्धियां रखीं। मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए काम करने की प्रेरणा दी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के गान से हुई। प्रदेश में अभी 369 सांदीपनि विद्यालय चल रहे हैं। सरकार ने 200 नए सांदीपनि विद्यालयों को मंजूरी दी है। इनके भवन स्कूल शिक्षा और जनजातीय कल्याण विभाग बनाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वर्ष 2002-03 तक स्कूल शिक्षा का बजट लगभग 400 करोड़ रूपए था, लेकिन आज यह बजट 38 हजार करोड़ रूपए तक पहुंचा है। नियुक्ति पाने वालों में 661 सहायक ग्रेड-3, 31 प्राथमिक शिक्षक और 262 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 85 हजार से अधिक सरकारी पदों पर युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है।

