भारतीय टीम ने हरारे में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आठ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने नौ गेंदों पर 20 रन बनाए। शुरूआती झटकों के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने पारी को संभाला और स्कोर को आगे बढ़ाया। मैच के दौरान दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 42 गेंदों पर 66 रन की साझेदारी हुई। श्रेयस अय्यर 25 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट होकर पवेलियन लौटे। ईशान किशन का साथ देने उतरे तिलक वर्मा ने तेजी से रन बटोरे और दोनों के बीच 43 गेंदों पर 94 रन की बड़ी साझेदारी हुई। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 81 रन की पारी खेली और वह शतक की ओर बढ़ रहे थे। तिलक वर्मा 29 गेंदों पर 60 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रिंकू सिंह ने 12 और शिवम दुबे ने छह रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरूआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही टीम के तीन बल्लेबाज आउट हो गए। डेब्यू मैच खेल रहे यश ठाकुर ने ब्रायन बेनेट को 32 रन पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17. 5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से गेंदबाजी में अभिषेक शर्मा ने तीन विकेट चटकाए, जबकि यश ठाकुर और प्रिंस यादव को दो-दो सफलताएं मिलीं।
समाचार
ईशान और तिलक के शानदार प्रदर्शन से भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हराया
जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-0 से जीती
विशेष प्रतिनिधि26 जुलाई 2026 को 6:00 am बजे
