दशहरा पर्व पर पांढुर्णा में भारी वाहनों का प्रवेश बंद, एसपी-एएसपी ने किया शस्त्र पूजन
पांढुर्णा शहर में दशहरा पर्व के लिए जिला पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। मंगलवार दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय शहर में शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न कराने और यातायात सुचारू रखने के उद्देश्य से लिया गया है। दशहरा पर्व पर शाम 7 बजे तीन शेर चौक से भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की झांकी निकाली जाएगी। यह झांकी शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए नपा मैदान पहुंचेगी। यहां पर 30 फीट ऊंचे रावण के दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत 100 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। थाना परिसर में एसपी विदिता डागर और एएसपी मन कामना प्रसाद ने शस्त्र और वाहन पूजन कर पर्व की तैयारियों का जायजा लिया। नगर पालिका मैदान में दशहरा उत्सव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मैदान में स्थायी रूप से 12 हाई मास्ट लाइटें लगाई गई हैं, ताकि रात में भी पर्याप्त रोशनी बनी रहे। इससे लोगों को झांकियों और अन्य कार्यक्रमों का आनंद लेने में सुविधा होगी। शहर में रावण दहन की यह परंपरा पिछले 35 सालों से चली आ रही है।

