शाहपुरा में स्कूल वैन पलटने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल, भीलवाड़ा रेफर
शाहपुरा के सरसुंदा के पास गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे गवर्नमेंट मॉडल स्कूल की वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया है। छह अन्य बच्चों का शाहपुरा के अस्पताल में इलाज किया गया। सहायक पुलिस उप निरीक्षक पीतांबर वैष्णव ने बताया कि अरबड़ निवासी हर्षिता रैगर (10) और धनोप निवासी आदित्य शर्मा (15) को गंभीर हालत में भीलवाड़ा भेजा गया है। दुर्घटना में राधिका (15), हिमांशु (8), कृष्णा कुमारी (9), मोगली माली (10), यशवर्धन कुमार (7) और आदित्य जोशी (10) भी सवार थे। इन सभी बच्चों का शाहपुरा के अस्पताल में इलाज किया गया। इस हादसे के बाद निजी स्कूलों में बच्चों के परिवहन नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह आरोप लगाया गया है कि कई स्कूल ऑटो और निजी वैन से बच्चों को स्कूल लाते-ले जाते हैं। जबकि सुरक्षित परिवहन के लिए निर्धारित मानक और अटेंडेंट का होना जरूरी है।

