भोपाल शहर में सरकार की पुनर्विकास नीति के तहत काम तेज कर दिया गया है। जनता क्वार्टर के बाद भोपाल विकास प्राधिकरण यानी बीडीए अपनी बरसों पुरानी इमारतें गिराकर उनकी जगह हाईराइज प्रोजेक्ट तैयार करने जा रहा है। बीडीए ने मध्य प्रदेश सरकार की पुनर्विकास नीति के तहत माता मंदिर क्षेत्र के 40 साल पुराने परिसरों का सर्वे शुरू कर दिया है। छह माह के भीतर जमीनी काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। लोक निर्माण विभाग और नगर निगम भी अपने अधिपत्य वाले बाजार और रहवासी क्षेत्रों को तोड़कर इसी तर्ज पर विकसित करेंगे। माता मंदिर चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में बीडीए के कई पुराने कॉम्प्लेक्स समय के साथ जर्जर हो चुके हैं। इन्हें आधुनिक बहुमंजिला इमारतों के रूप में विकसित करने की योजना पर काम आगे बढ़ रहा है। इनमें संजय कॉम्प्लेक्स फेज-1 और फेज-2 शामिल हैं। माता मंदिर चौराहा और गीतांजलि कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित इन परिसरों के पुनर्विकास से आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। अर्चना कॉम्प्लेक्स के पुराने परिसर को भी नए सिरे से विकसित करने की तैयारी तेज है। बीडीए ने अंकुर कॉम्प्लेक्स के लिए 337.81 करोड़ रुपए और अजंता कॉम्प्लेक्स, इंद्रपुरी के लिए 226.46 करोड़ रुपए के पुनर्विकास की विस्तृत योजना तैयार की है। दोनों परियोजनाओं पर कुल मिलाकर करीब 564 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है। इनमें 12 मंजिला या उससे अधिक ऊंची इमारतें बनेंगी। प्रस्ताव के अनुसार 556 फ्लैट और अंकुर कॉम्प्लेक्स में 71 दुकानें बनाई जाएंगी। बढ़े हुए एफएआर तथा अतिरिक्त प्लॉट व दुकानों की बिक्री से बीडीए को लगभग 57.42 करोड़ रुपए का लाभ होने का अनुमान है। पुनर्विकास नीति के तहत मौजूदा फ्लैट और दुकान मालिकों को पुरानी संपत्ति के मुकाबले कम से कम 20 फीसदी अधिक क्षेत्रफल देने का प्रावधान है।
समाचार
भोपाल में 556 फ्लैट और 71 दुकानें बनेंगी
26 नवंबर 2026 को 11:22 pm बजे

भोपाल में 556 फ्लैट और 71 दुकानें बनेंगी
