शाजापुर के पोलायकलां में नि:शुल्क हृदय जांच शिविर अभियान का शुभारंभ हुआ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि अगले दो साल में प्रदेश में 55 चिकित्सा महाविद्यालय बनकर तैयार होंगे। यह बात उन्होंने शाजापुर जिले के पोलायकलां में नि:शुल्क हृदय जांच शिविर अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने यह कार्यक्रम राष्ट्रसेवी स्व. शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर आयोजित होने की जानकारी दी। यह अभियान जिला प्रशासन शाजापुर और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन उज्जैन के सहयोग से शुरू किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज कल्याण के लिए हर व्यक्ति को सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्व. तोमर के व्यक्तित्व को अनुकरणीय बताया और कहा कि सच्चाई और अच्छाइयों को अपनाने की उनकी प्रतिभा सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगी। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से उपस्थित थे। स्थानीय विधायक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी इस अवसर पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्व. तोमर की संगठन क्षमता की भी सराहना की। उन्होंने एक छोटे स्थान से निकलकर युवाओं को सद्कार्य से जोड़ा था। आपातकाल के कठिन और चुनौती भरे समय में भी उन्होंने लोगों को साहस और संबल दिया। तोमर ने गौशाला से लेकर ग्राम विकास के अनेक प्रकल्पों में पहल की थी। मुख्यमंत्री के अनुसार उनके विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाना सबका कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पोलायकलां का नि:शुल्क हृदय जांच शिविर स्थानीय स्तर पर सराहनीय पहल है। विभिन्न जांचों से लोग अपनी बीमारियों और स्वास्थ्य स्थिति को समझ सकेंगे। समय रहते सावधानी और उपचार अपनाने से लोगों को राहत मिलेगी। राज्य सरकार चिकित्सा सुविधाओं का निरंतर विस्तार कर रही है। प्रदेश के कई स्थानों पर चिकित्सालय और चिकित्सा महाविद्यालय आरंभ किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी कारण अब लोगों को इलाज के लिए राज्य के बाहर नहीं जाना पड़ रहा है। आयुष्मान योजना से जनसामान्य को भी बड़ा लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गंभीर बीमार लोगों को समय पर इलाज देने के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा चला रही है। दुर्घटना में घायलों के उपचार के लिए राहवीर योजना संचालित है। सभी जिलों में मानव गरिमा का ध्यान रखते हुए शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसान हितैषी कई फैसले लिए गए हैं।
