सात बच्चियों को बुलाया था कन्याभोज पर, ₹500 गायब होने पर की गई कार्रवाई
इंदौर में नवरात्र समापन पर कन्याभोज के लिए घर बुलाई गई सात बच्चियों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। एबी रोड स्थित शहनाई रेसीडेंसी में रहने वाली एक शिक्षिका ने 500 रुपये चोरी होने के संदेह में बच्चियों के कपड़े उतरवाकर तलाशी ली और मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्हें घर से बाहर भी नहीं निकलने दिया गया। घटना के बाद बच्चियों के स्वजन ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ मारपीट और गलत तरीके से बंधक बनाने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपित शिक्षिका अनिता मोहता ने मंगलवार को नवरात्र के अवसर पर नया बसेरा क्षेत्र की सात बच्चियों को कन्याभोज के लिए अपने घर बुलाया था। बच्चियों की उम्र करीब 8 से 11 वर्ष बताई गई है। इसी दौरान शिक्षिका के घर से 500 रुपये का एक लिफाफा गायब हो गया। महिला ने बच्चियों पर रुपये चुराने का संदेह जताया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, जब बच्चियों ने चोरी की बात स्वीकार नहीं की, तो महिला ने कथित तौर पर उनसे मारपीट की और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बच्चियों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर बच्चियों के स्वजन आक्रोशित हो गए। वे बच्चियों को लेकर पुलिस थाने पहुंचे और महिला के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चियों को कमरे में बंद कर पीटा गया और उनके कपड़े उतरवाकर तलाशी ली गई। हालांकि, पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस संबंध में एफआईआर में कोई उल्लेख नहीं है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127 के तहत गलत तरीके से बंधक बनाने और धारा 115 के तहत मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। इस घटना ने क्षेत्र में लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

