मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहडोल जिले में 82 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से 45 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन निर्माण कार्यों से जिले की सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल आपूर्ति और ग्रामीण विकास को संबल मिलेगा। आठ विभिन्न विभागों से जुड़े ये विकास कार्य जिले की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेंगे। मध्य प्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के एक कार्य पर 22.86 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के एक कार्य के लिए 22.14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के दो कार्यों के लिए 14.92 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 14 कार्यों पर 8.76 करोड़ रुपये और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 21 कार्यों के लिए 5.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत दो कार्यों को 4.43 करोड़ रुपये मिलेंगे। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के दो कार्यों के लिए 3.60 करोड़ रुपये तथा वन विभाग के दो कार्यों के लिए 36 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन विकास कार्यों के पूरा होने और लोकार्पण से जिले में विभिन्न क्षेत्रों की अधोसंरचना को अपेक्षित मजबूती मिलेगी। सड़क संपर्क में सुधार, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति में तेजी, पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाना, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के बढ़ने से आम नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचेगा। यह परियोजनाएं जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी और नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में सहायक होंगी।
समाचार
यादव शहडोल में 45 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे
24 अक्टूबर 2026 को 10:59 pm बजे
