सीहोर जिले में विकास की रफ्तार तेज हो गई है। शहर के इंदौर नाके से प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर, मठ मंदिर गजकेशरी कालोनी, प्रसिद्ध गणेश मंदिर चौराहा, लुनिया चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन ब्रिज तक आवागमन करने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। विधायक सुदेश राय की विशेष अनुशंसा पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस महत्वपूर्ण फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना के लिए 44 करोड़ रुपये का बजट भी पारित कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस मार्ग पर करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से लगभग चार किलोमीटर लंबी फोरलेन सीसी सड़क के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लंबे समय से जर्जर और बदहाल सड़क से परेशान क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को जल्द ही बेहतरीन आवागमन की सुविधा मिलने वाली है। बारिश के दिनों में इस मार्ग की स्थिति बेहद दयनीय हो जाती थी, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और खराब सतह के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम और हादसों का डर बना रहता था। अब फोरलेन सीसी सड़क के निर्माण से इस मार्ग का कायाकल्प पूरी तरह बदलेगा और शहर का यातायात अधिक सुगम व सुरक्षित हो सकेगा। यह फोरलेन इंदौर नाके से शुरू होकर गणेश मंदिर चौराहा, शुगर फैक्ट्री चौराहा और लुनिया चौराहा होते हुए सीधे रेलवे ओवरब्रिज तक पहुंचेगी। यह मार्ग सीहोर शहर का एक बेहद महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो शहर को प्रमुख धार्मिक स्थलों और रेलवे स्टेशन से जोड़ता है। प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर और प्रसिद्ध गणेश मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के अलावा प्रतिदिन इस रास्ते से गुजरने वाले आम नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क के बेहतर होने से वाहन चालकों को आवाजाही में खासी सहूलियत होगी और विशेषकर त्योहारों व धार्मिक आयोजनों के दौरान लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी।
समाचार
सीहोर में 44 करोड़ की फोरलेन सड़क स्वीकृत
23 अक्टूबर 2026 को 11:03 pm बजे
सीहोर में 44 करोड़ की फोरलेन सड़क स्वीकृत
