इंदौर के होटल पार्क में शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साहसिक कार्य करने वाले 30 से अधिक पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। ‘खाकी के जज्बे को पत्रिका का सलाम’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों के प्राण बचाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जवान से लेकर अधिकारी तक पुलिसकर्मी लगातार बिना थके ईमानदारी से काम करते हैं। पुलिसकर्मी साहस और निष्पक्षता के साथ ड्यूटी निभाते हुए सेवा, सुरक्षा और परिश्रम में आगे रहते हैं। ऐसे पुलिसकर्मियों को सम्मानित करना गर्व की बात है। सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने साहसिक कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई दी और कहा कि वे इसी तरह समाज को प्रेरणा देते रहें। कार्यक्रम में सम्मानित किए गए पुलिसकर्मियों ने सेवा में रहते हुए अलग-अलग मौकों पर साहस का परिचय दिया था। राज्य सरकार की भर्तियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है और नई भर्तियां भी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से रुकी पदोन्नति फिर शुरू कर दी गई है। समारोह के दौरान सयोगितागंज थाने के आरक्षक लाल साहब मंच पर नहीं चढ़ सके। पैरों में तकलीफ के कारण असमर्थ आरक्षक को मुख्यमंत्री स्वयं मंच से नीचे उतरकर सम्मानित करने पहुंचे। शिक्षाविद डॉ. स्वप्निल कोठारी ने कहा कि ईमानदारी के साथ जुड़ने पर साहस की कहानी दूसरों के लिए प्रेरणा बन जाती है। पत्रिका की विकास यात्रा की जानकारी संपादक अनिल कर्मा ने दी। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मधु वर्मा, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, संभागायुक्त भास्कार लाक्षाकार, आईजी अनुराग, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, गौरव रणदिवे और सुमित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, उनके परिजन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समाचार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में 30 से अधिक साहसी पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया
23 अक्टूबर 2026 को 11:03 pm बजे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में 30 से अधिक साहसी पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया
साझा करेंWhatsApp
