सुरक्षित निस्तारण पर जोर
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निर्देशानुसार, मध्य प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में ई-कचरा प्रबंधन का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित इस अभियान के तहत, 28 अक्टूबर को प्रदेश के सभी विद्यालयों में विशेष ई-कचरा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। 'स्वच्छता ही सेवा' और 'मिशन लाइफ' के अनुरूप, इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को ई-कचरे के सुरक्षित संग्रहण, पृथक्करण, पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में ई-कचरा संग्रहण कॉर्नर स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ विद्यार्थी और समुदाय की सहभागिता से जागरूकता कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं। जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक अभियान की निरंतर निगरानी कर रहे हैं ताकि निर्धारित लक्ष्यों को पूरा किया जा सके। इस अभियान में अनुपयोगी और खराब इलेक्ट्रॉनिक व विद्युत उपकरणों जैसे कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर, बैटरी और बल्ब आदि को एकत्रित कर उनका पृथक्करण किया जाएगा। अभियान की कार्ययोजना के अनुसार, 21 से 27 अक्टूबर तक पूर्व तैयारी, जन-जागरूकता और अधिकृत रिसाइक्लरों से समन्वय की गतिविधियां चलेंगी।
