पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाश महाराष्ट्र के रास्ते भागे
शहर के गुजर्री चौक स्थित विनय ज्वेलर्स में 9 अक्टूबर को हुई डकैती के मामले में पुलिस जांच के दौरान आरोपियों की आवाजाही और वारदात से पहले की तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बैतूल जिले के 5 आरोपी डकैती से करीब 24 घंटे पहले पांढुर्णा पहुंचे थे। पांढुर थाना प्रभारी अमित दानी ने मंगलवार सुबह जांच से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों ने वारदात से पहले आने-जाने के रास्तों की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी बैतूल और मुलताई के रास्ते पांढुर्णा पहुंचे थे। वारदात के बाद उन्होंने महाराष्ट्र के वरुड और मोर्शी के रास्ते वापसी की योजना बनाई थी। पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात से एक दिन पहले आरोपियों की पांढुर्णा में मौजूदगी और मुख्य आरोपी के किराए के मकान में उनका ठहरना जांच की एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुई। पुलिस ने आरोपियों की आवाजाही और घटनाक्रम से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का गहराई से विश्लेषण कर अपनी जांच को आगे बढ़ाया है।

