मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार, 22 अक्टूबर को मुंबई में तीन दिवसीय इंडिया केम 2026 के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 14वें द्विवार्षिक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग से जुड़े प्रमुख उद्योगपति, निवेशक, विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल होंगे। ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी इस उद्घाटन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस सेक्टर में मध्य प्रदेश में उपलब्ध निवेश के अवसरों, अधोसंरचना और राज्य की नीति को निवेशकों तथा उद्योग प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे। इंडिया केम- 2026 के पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद प्रदर्शनी का अवलोकन, मुख्य कार्यपालक अधिकारियों का फोरम और कारोबारी नेटवर्किंग के कार्यक्रम होंगे। सम्मेलन में भारत-अमेरिका, भारत-जापान तथा भारत-यूरोपीय संघ के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल फोरम भी आयोजित किए जाएंगे। इन मंचों पर विभिन्न देशों के उद्योग प्रतिनिधियों के बीच व्यापार, औद्योगिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
समाचार
मुंबई में 22 अक्टूबर से शुरू होगा इंडिया केम-2026, मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे उद्घाटन
21 अक्टूबर 2026 को 10:46 pm बजे
