कोलार में 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए कोलार हिंदू उत्सव समिति के सचिव एवं जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने बताया कि यह महोत्सव अपने 24वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस बार लगातार 15वीं बार मध्य प्रदेश के सबसे ऊंचे 105 फीट के रावण के पुतले के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी सहित अनेक जनप्रतिनिधि इस महोत्सव में शामिल होंगे। आयोजन के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में रविंद्र यति ने पत्रकारों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दशहरा महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जी, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा जी, प्रदेश शासन के मंत्रीगण, सांसद आलोक शर्मा जी, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा जी, महापौर मालती राय जी, सहित, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे। महोत्सव में भजन गायक सुनील लोधी और मुंबई के बैंड ‘आरओओटीएस: नादान’ की प्रस्तुतियां भी होंगी। इस वर्ष के दशहरा महोत्सव में भारतीय संस्कृति एवं नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ ही जयपुर और शिवाकाशी की आतिशबाजी भी लोगों को मंत्रमुग्ध कर देगी। समाज एवं कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को स्व. विजेश लूनावत युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। समिति के सचिव एवं जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने लाखों लोगों की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, हाईमास्ट लाइट, एलईडी स्क्रीन, लाइव प्रसारण और सराउंड साउंड की व्यवस्था की गई है।
समाचार
कोलार में 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा महोत्सव
18 अक्टूबर 2026 को 11:52 pm बजे

कोलार में 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा महोत्सव
