शिविर में सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, तथा सभी कलेक्टर्स भी हिस्सा लेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद् की बैठक से पहले मंत्रि-गण को राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2 दिसंबर को नीति चिंतन शिविर होगा। यह जानकारी उन्होंने सोमवार को मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद् की बैठक के दौरान दी। इस शिविर में सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, तथा सभी कलेक्टर्स भी हिस्सा लेंगे। नीति चिंतन शिविर में कुल 2 सत्र होंगे, जिनमें राज्य की नीतियों पर विस्तार से चर्चा होगी। यह आयोजन सरकार के कामकाज की समीक्षा के लिए अहम माना जा रहा है। पहला सत्र समृद्ध मध्य प्रदेश-2047 दस्तावेज पर केन्द्रित होगा। इस दस्तावेज में आने वाले वर्षों के लिए प्रदेश के विकास का खाका प्रस्तुत किया गया है। पहले सत्र में इसी लक्ष्य को आगे बढ़ाने के उपायों पर बात होगी। दूसरा सत्र सतत् विकास लक्ष्यों और अन्य विकास संकेतकों पर केन्द्रित होगा। इन सत्रों में नीतिगत एवं क्रियान्वयन चुनौतियों के समाधान पर चर्चा होगी। साथ ही भविष्य के रोडमैप और बीते 3 सालों की उपलब्धियों तथा आगामी रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। पहले सत्र में 8 विषयों पर नोडल विभाग द्वारा प्रस्तुतिकरण होंगे। दूसरे सत्र में 8 माड्यूल्स पर नोडल विभाग प्रस्तुतिकरण करेंगे। इस प्रकार एक दिन में कुल 16 स्तंभों और माड्यूल्स पर मंथन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रि-गण से राज्य सरकार द्वारा बीते सप्ताह हासिल की गई विशेष उपलब्धियों की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को नाथू बरखेड़ा में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के पहले चरण के कामों के लोकार्पण सहित इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक अद्भुत परिसर है। यहां लगभग सभी प्रकार के खेलों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स से भोपाल अब अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र में मजबूती से स्थापित हो गया है। वर्तमान में इस परिसर के नवनिर्मित सिंथेटिक टर्फ पर महिला एशियन हाकी चैम्पियनशिप-2026 के मैच खेले जा रहे हैं। इस चैंपियनशिप में 6 एशियाई देशों- भारत, चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की महिला हाकी टीमें अपना प्रदर्शन कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं 22 नवंबर को मैदान में मैच देखा और खेल का आह्लाद महसूस किया। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीत कर शानदार बढ़त बना ली है। खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों का उत्साह भी हर रोज चरम पर दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार मध्य प्रदेश में खेलों की दृष्टि से स्वर्णयुग का आगमन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने मंत्रि-गण और प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की कि भोपाल में पहली बार हो रही इस एशियन चैंपियनशिप के मैचों का भरपूर आनंद लें। नाथू बरखेड़ा में लगभग 1 हजार करोड़ रुपए की लागत से 140 एकड़ भूमि पर इंटरनेशनल स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बन रहा है। परिसर में सिंथेटिक हॉकी टर्फ, सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रेक, प्रेक्टिस फील्ड और दर्शक दीर्घा का निर्माण पहले चरण में किया गया है। दूसरे चरण में इण्डोर स्पोर्टस काम्पलेक्स, स्विमिंग काम्पलेक्स और छात्रावासों का निर्माण जारी है। तीसरे चरण में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और जिमनास्टिक हॉल बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के हॉकी स्टेडियम को कैटेगरी 01 प्रमाण-पत्र दिया गया है। ऐसा प्रमाण-पत्र पाने वाला भोपाल देश का दूसरा शहर है। इस परिसर में न केवल अंतर्राष्ट्रीय आयोजन होंगे, बल्कि खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण भी मिलेगा। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। सरकार का लक्ष्य खेल सुविधाओं को और मजबूत करना बताया गया है। नीति चिंतन शिविर में मंथन के बाद सरकार की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। शिविर में नीतिगत चुनौतियों के समाधान और भविष्य के रोडमैप को अंतिम रूप देने की दिशा में काम होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में यह आयोजन प्रदेश की विकास योजनाओं को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। मंत्रि-परिषद् की बैठक में मंत्रि-गण के सामने राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियां रखी गईं। मुख्यमंत्री ने खेल, विकास और प्रशासनिक कार्यों से जुड़ी प्रगति की जानकारी दी। इससे मंत्रि-गण को आने वाले कामकाज की प्राथमिकताएं समझने में मदद मिलेगी।
