सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को शिप्रा नदी घाट तक पहुंचाने के लिए बनाई जाने वाली समानांतर सड़क (एमआर-22) को लेकर अधिकारी अब तक स्थिति स्पष्ट करने को तैयार नहीं हैं। मास्टर प्लान-2035 के अनुसार नदी के ग्रीन बेल्ट में 200 मीटर बाद प्रस्तावित सड़क को होल्ड कर दिया गया है। अब नई सड़क कहां बनेगी, यह भी तय नहीं हो सका है। इसी कारण 193 करोड़ रुपये का यह प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ है। मास्टर प्लान के अनुसार नदी के समानांतर सड़क के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने नदी तट से 200 मीटर बाद 30 मीटर चौड़ी सड़क के लिए कई इलाकों में जमीन चिह्नित कर ली थी। अगर इस सड़क को होल्ड नहीं किया जाता तो अब तक निर्माण का आधा काम पूरा हो चुका होता। लेकिन मास्टर प्लान में शामिल सड़क की जमीन चिह्नित होते ही ग्रीन बेल्ट के कई अवैध निर्माण इसकी जद में आते दिखे। इसके बाद समानांतर सड़क (एमआर-22) का प्रोजेक्ट उलझन में पड़ गया। जिम्मेदार अधिकारी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। वे यह नहीं बता रहे कि ग्रीन बेल्ट के बाहर मास्टर प्लान में सड़क पहले से प्रस्तावित है, तो नए प्लान की जरूरत क्यों पड़ी। प्रतिबंधित ग्रीन बेल्ट में रिवर फ्रंट के नाम से अलग पक्की सड़क का प्लान क्यों बनाया गया और नदी तट से उसकी दूरी कितनी रहेगी, इस पर भी स्पष्टता नहीं है। ग्रीन बेल्ट में हुए अवैध निर्माण हटाने के मामले में भी अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। यूडीए ने नदी के पूर्वी तट की ओर सड़क निर्माण का काम शुरू करा दिया है। पश्चिमी तट की ओर शनि मंदिर से भूखी माता, रणजीत हनुमान और काल भैरव तक बनने वाली सड़क को लेकर अधिकारी कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं। हालांकि इसके लिए यूडीए ने हाल ही में टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर निकालने वाले यूडीए सीईओ संदीप सोनी एक सप्ताह बाद भी नदी तट से रिवर फ्रंट की दूरी नहीं बता सके। शिप्रा तट से 200 मीटर दूर तक ग्रीन बेल्ट है, जहां पक्के और स्थाई निर्माण प्रतिबंधित हैं। 100 मीटर एरिया तो नो कंस्ट्रक्शन जोन है। यहां रिवर फ्रंट के नाम से 30 मीटर चौड़ी पक्की सीसी रोड बनाना एनजीटी नियमों का उल्लंघन होगा। सार्वजनिक हित में आवश्यक होने पर भी पक्की सड़क के बजाय पैवर ब्लॉक या अन्य काम हो सकते हैं।
समाचार
शिप्रा की समानांतर सड़क 193 करोड़ पर अधर में, अफसरों की चुप्पी बरकरार
26 नवंबर 2026 को 11:23 pm बजे

शिप्रा की समानांतर सड़क 193 करोड़ पर अधर में, अफसरों की चुप्पी बरकरार
