मध्य प्रदेश को बाघ और तेंदुओं की सर्वाधिक आबादी वाले राज्यों में शुमार होने का गौरव हासिल है, लेकिन इन वन्यजीवों की लगातार हो रही मौतें उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। प्रदेश के नीमच में एक बार फिर तेंदुए का शव मिला है, और इससे पहले भी जिले में तेंदुओं की मौत और शिकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में पिछले 18 महीनों के दौरान 154 से अधिक तेंदुओं की मौत हुई है। इनमें 54 से अधिक तेंदुए सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए, जबकि 19 तेंदुए अभयारण्य क्षेत्रों से गुजरने वाले राजमार्गों पर वाहनों की चपेट में आए। यह स्थिति बताती है कि जंगलों और वन्यजीवों के आवागमन वाले मार्गों से गुजरने वाली सड़कें उनके लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। तेंदुए मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहते हैं और भोजन-पानी की तलाश में सड़कें पार करते हैं। वर्ष 2026 में अब तक प्रदेश में 9 बाघों की मौत दर्ज की गई है। इनमें शिकार की श्रेणी के नौ मामलों में बिजली का करंट मौत की वजह बना है, जिनमें सोलर फेंसिंग से करंट लगने का मामला भी शामिल है। इसी साल 4 जनवरी को बड़ी तहसील में तीन साल के नर तेंदुए की कुल्हाड़ी से हत्या का मामला सामने आया था। इसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
समाचार
मध्य प्रदेश में 18 महीनों में 154 से ज्यादा तेंदुओं की मौत
26 नवंबर 2026 को 11:22 pm बजे
