क्राइम ब्रांच ने हरियाणा की रहने वाली आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है
इंदौर में विदेश यात्रा का पैकेज दिलाने के नाम पर एक परिवार से 14 लाख 38 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में हरियाणा की रहने वाली एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कनाडा और अलास्का क्रूज की यात्रा कराने का झांसा देकर परिवार से पैसे ठगने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले की जांच के बाद महिला को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान पूजा सिंह उर्फ तिवारी (28) के रूप में हुई है। वह निवासी सेक्टर-29, फरीदाबाद (हरियाणा) की रहने वाली है। आरोपी खुद को टूर एंड ट्रैवल्स एजेंट बताती थी। वह कम शुल्क में वीजा, क्रूज रिजर्वेशन और एयर टिकट दिलाने का भरोसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। इंदौर के पलासिया इलाके में रहने वाले एक परिवार ने 17 जुलाई 2026 को पूजा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार कनाडा और अलास्का क्रूज यात्रा की योजना बना रहा था। इसी दौरान एक परिचित के जरिए उनकी मुलाकात पूजा से हुई। पूजा ने कम खर्च में कनाडा का वीजा, क्रूज रिजर्वेशन, होटल बुकिंग और एयर टिकट कराने का भरोसा दिया। भरोसे में आकर परिवार ने नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच आरोपी के पति के बैंक खाते में पैसे जमा कराए। यह रकम आरटीजीएस, चेक और ऑनलाइन माध्यम से दी गई। परिवार ने 8 लाख 67 हजार 947 रुपए इस तरह जमा कराए। इसके अलावा मकेम्य्त्रिप और ऐर्ब्न्ब पर होटल व टिकट बुकिंग के नाम पर 5 लाख 70 हजार रुपए भी लिए गए। इस तरह आरोपी ने परिवार से कुल 14 लाख 38 हजार 2 रुपए हड़प लिए। पूरी रकम लेने के बाद जब यात्रा का समय नजदीक आया, तो आरोपी ने न वीजा दिया और न असली टिकट उपलब्ध कराए। परिवार को टालने के लिए उसने गलत बायोमेट्रिक तारीख और फर्जी एयर टिकट का पीएनआर नंबर दे दिया। जांच कराने पर परिवार को धोखाधड़ी का पता चला। धोखाधड़ी पकड़ में आने के बाद पूजा ने मोबाइल बंद कर लिया। उसने परिवार से संपर्क तोड़ दिया और फरार हो गई। पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल ठगी की रकम बरामद करने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपी के पति की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि महिला ने अन्य लोगों को इसी तरह अपना शिकार बनाया है या नहीं। इस मामले में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। खबर अपडेट हो रही है।

