कटनी पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को किया गया सम्मानित
मध्य प्रदेश के कटनी शहर में पुलिस स्मृति दिवस पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की याद में एक भव्य परेड का आयोजन किया गया। कटनी शहर के पुलिस लाइन झिंझरी स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जिले के 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया, जिसके बाद परेड दल ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सभी शहीदों को सलामी दी। वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को याद करते हुए पुलिस स्मृति परेड मार्च निकाला गया। यह दिवस देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा में पुलिस बल के अमूल्य योगदान और समर्पण का प्रतीक है। हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है, जिसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिस जवानों के बलिदान से जुड़ी है। इस दुखद घटना ने देश को झकझोर दिया था और तब से पुलिस स्मृति दिवस के रूप में इन वीर जवानों को याद किया जाता है। समारोह में कटनी जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान किया गया। उन्हें शाल-श्रीफल भेंट कर उनके त्याग और देश के प्रति समर्पण को नमन किया गया। सम्मानित शहीदों में प्रधान आरक्षक श्रवण गर्ग, काशीराम यादव, राजेश शुक्ला, हृदय नारायण यादव, राम किशोर विश्वकर्मा, विनोद राय, प्रकाश सिंह, गया सिंह त्रिपाठी और अवधेश दुबे शामिल थे।

