समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
मध्य प्रदेश की जीवन रेखा माँ नर्मदा को अविरल, स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के संकल्प के तहत देवास जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नेमावर में सीवरेज परियोजना का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम 'मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी' द्वारा लगभग 12.44 करोड़ रुपये की लागत से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारा गया है। इस परियोजना के क्रियान्वयन से नेमावर नगर में उत्सर्जित होने वाले अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक व सुरक्षित उपचार की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित हो गई है। आधुनिक शोधन संयंत्र एवं विस्तृत सीवरेज नेटवर्क परियोजना के अंतर्गत आधुनिक तकनीक पर आधारित 1 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (मलजल शोधन संयंत्र) स्थापित किया गया है। इसके साथ ही पूरे नगर में 12.57 किलोमीटर लंबा भूमिगत सीवरेज नेटवर्क बिछाया गया है तथा व्यवस्थित रखरखाव के लिए 496 मैनहोल का निर्माण कराया गया है। नगर के 1,112 घरों को सीवरेज प्रणाली से जोड़ने के लिए घरेलू कनेक्शन की व्यवस्था की गई है, जिससे नगर की 5 हजार से अधिक आबादी सीधे तौर पर लाभान्वित होगी। नर्मदा में नहीं मिलेगा अनुपचारित गंदा पानी। धार्मिक नगरी नेमावर में वर्षभर और विशेष रूप से नर्मदा जयंती, महाशिवरात्रि व कार्तिक पूर्णिमा जैसे पर्वों पर लाखों श्रद्धालु दर्शन और नर्मदा स्नान के लिए पहुंचते हैं। पूर्व में नगर का अपशिष्ट जल नर्मदा नदी की स्वच्छता के लिए चुनौती बनता था। इस परियोजना के प्रारंभ होने से घरों से निकलने वाले गंदे पानी को सीधे नदी में मिलने से रोका जा सकेगा। संयंत्र में पानी के वैज्ञानिक शोधन के बाद ही उसका पर्यावरण अनुकूल निस्तारण होगा, जिससे नर्मदा के जल की गुणवत्ता बनी रहेगी और धार्मिक नगरी का वातावरण स्वच्छ व स्वास्थ्यप्रद रहेगा। यह परियोजना माँ नर्मदा को अविरल, स्वच्छ और निर्मल रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने बताया कि प्रदेश के नगरीय निकायों में आधुनिक जल एवं मलजल प्रबंधन अधोसंरचना का विस्तार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नेमावर की यह सीवरेज परियोजना स्वच्छ, सतत एवं पर्यावरण अनुकूल नगरीय विकास के साथ माँ नर्मदा की पवित्रता व निर्मलता को अक्षुण्ण रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया